Tokyo Olympics: टोक्यो ओलंपिक में पदक दिलाने वाले सुरेंद्र और सुमित नैनीताल में भी दिखा चुके हैं हॉकी का जादू
टोक्यो ओलंपिक में जर्मनी के खिलाफ शानदार प्रदर्शन कर कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के दो सितारे सुरेंद्र कुमार और सुमित वाल्मीकि ने आठ साल पहले यहां डीएसए मैदान में अमर उजाला की ओर से प्रायोजित अखिल भारतीय ट्रेड्स कप हॉकी प्रतियोगिता में अपने खेल का जलवा दिखाया था। गुरुवार को जैसे ही भारतीय हॉकी टीम के ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने की खबर मिली तो हॉकी के दीवानों को ये दोनों चेहरे और उनका खेल याद आ गया।
ऋषिकेश: गंगा में बहे मुंबई का एक युवक और दो युवतियों, तलाश में आज चलेगा सर्च अभियान
नैनीताल में जिला क्रीड़ा संघ (डीएसए) की ओर से हर साल अखिल भारतीय ट्रेड्स कप हॉकी प्रतियोगिता आयोजित कराई जाती रही है। इसमें देश भर के विभिन्न प्रांतों के जाने माने हॉकी के खिलाड़ी अपनी टीमों के साथ हिस्सा लेते हैं। इसमें पूर्व ओलंपियन राजेंद्र सिंह रावत, सैय्यद अली, सुरेंद्र सिंह बिष्ट समेत भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान जफर इकबाल, महेंद्र पाल, अशोक कुमार, बलवीर सिंह, केडी सिंह बाबू जैसे नामी खिलाड़ी हिस्सा ले चुके हैं।
डीएसए मैदान में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का आंखों देखा हाल सुनाने वाले प्रसिद्ध उद्घोषक हेमंत बिष्ट बताते हैं कि कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हाकी टीम में शामिल सुरेंद्र कुमार और सुमित वाल्मीकि ने वर्ष 2013-14 में अखिल भारतीय ट्रेड्स कप हॉकी प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। वह मार्कंडेय हॉकी क्लब शहबाद की ओर से खेलने पहुंचे थे।
तब शहबाद की टीम सेमीफाइनल तक ही पहुंची थी, लेकिन अलग-अलग मैचों में सुरेंद्र ने मिड फील्ड में और सुमित ने डिफेंस में खेलते हुए जबरदस्त खेल का प्रदर्शन किया था। डीएसए के ग्राउंड मैन अर्जुन को वह दिन बखूबी याद है जब सुरेंद्र कुमार ने डीएसए मैदान में हॉकी की स्टिक से गेंद को रफ्तार देकर गोल तक पहुंचाया था। बकौल अर्जुन, सुरेंद्र कुमार और सुमित दोनों ही हॉकी के बेहतरीन खिलाड़ी हैं।
देहरादून: दून-पांवटा नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार वाहन ने राहगीरों को कुचला, तीन की मौत